
कांग्रेस नेता को केंद्रीय मंत्री का भाजपा में आने का न्योता
गुलामनबी आजाद को रामदास आठवले की भाजपा में शामिल होने की सलाह, जम्मू कश्मीर के विकास के लिए भाजपा ही विकल्प
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई : केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रामदास आठवले गुलाम नबी आजाद से केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल होने का आग्रह किया है। आजाद ने हाल ही में कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देते हुए पार्टी को अलविदा कह दिया था। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की लोकप्रियता तेजी से घट रही है। कई नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। आठवले ने कहा कि गुलाम नबी आजाद अब स्वतंत्र हो गए हैं क्योंकि उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है।
जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के ज्यादातर नेता गुलाम नबी आजाद के साथ जाएंगे। आजाद को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल होना चाहिए। उन्हें जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए एनडीए में शामिल होना चाहिए। अगर वे अपनी पार्टी बनाना चाहते हैं तो ऐसा भी कर सकते हैं। इसके लिए वे स्वतंत्र हैं। आठवले ने कहा कि अगर वह अपनी पार्टी बनाते हैं तो उनकी पार्टी को एनडीए में शामिल हो जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि आजाद के राज्यसभा से सेवानिवृत्त होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भावुक हो गए थे।
आठवले ने कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद पर टिप्पणी करते हुए तंज कसा कि अगर राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष बनते हैं तो यह एनडीए के लिए अच्छा ही होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा और राजग एक बार फिर बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे।