
न्यूड फोटोशूट मामले में बढ़ सकती है अभिनेता की मुश्किलें
मुंबई पुलिस ने नोटिस जारी कर, 22 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया। हालांकि अभिनेता रणवीर सिंह अभी मुंबई से बाहर
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आने लगी हैं। न्यूड फोटोशूट मामले में अभिनेता रणवीर सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मुंबई पुलिस ने 22 अगस्त को उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस के कुछ अफसर रणवीर के घर उन्हें नोटिस देने भी गए थे, हालांकि वे अभी मुंबई शहर बाहर हैं।
बता दें कि रणवीर सिंह ने 22 जुलाई को एक पेपर मैगजीन के लिए न्यूड फोटोशूट करवाया था। तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रणवीर सिंह के खिलाफ मुंबई के एक गैर सरकारी संगठन ने चेंबूर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई थी।
संस्था ने कहा था कि रणवीर सिंह ने अपनी न्यूड फोटोज से महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है और उनका अपमान किया है। इसलिए ट्विटर और इंस्टाग्राम से उनकी इस तरह की सभी फोटो तत्काल हटाई जाए। साथ ही उनकी गिरफ्तारी की भी मांग की गई। रणवीर के खिलाफ IPC की धारा 509, 292, 293 आईटी एक्ट के सेक्शन 67A के तहत केस दर्ज किया गया था।
शिकायत दर्ज होने के बाद मुंबई पुलिस ने 48 घंटे का समय मांगा था। इसके बाद रणवीर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। IPC की धारा 292 के तहत 5 साल और धारा 293 के तहत 3 साल की सजा का प्रावधान है। वहीं, आईटी एक्ट 67A के तहत भी रणवीर सिंह को 5 साल की सजा हो सकती है।