
पुलिस पर हमले की आरोपी महिलाएं 2 साल बाद गिरफ्तार
वर्ष 2020 में 4 महिलाओं ने पुलिस के काम में बाधा डालते हुए पुलिस पर किया था हमला
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई : मुंबई पुलिस ने हाल ही में बांद्रा से चार महिलाओं को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, जिन पर दो साल पहले पुलिस पर हमला करने का आरोप लगा था। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान जीनत हाफिज मंसूरी, शाहीन जहीर शेख, रिजवाना उर्फ रुकसाना दिलावर खान और फौजिया हमीद अंसारी के रूप में हुई है, जिन्हें बांद्रा पुलिस की एक विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। इन चारों महिलाओं पर पुलिस पर हमला कर एक आरोपी को भागने में मदद करने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है।
दो साल पहले बांद्रा पुलिस की विशेष टीम ने हाफिज मंसूरी नाम के एक संदिग्ध आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। यह जानने पर कि हाफिज को पुलिस ने हिरासत में लिया है, उसके रिश्तेदारों ने पुलिस पर हमला कर दिया और सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश की। तभी एक महिला ने चक्कर आने का नाटक करते हुए पुलिस का ध्यान अपनी ओर खींचा जिससे हाफिज को भागने में मदद मिली थी। इस पूरी घटना के बाद बांद्रा पुलिस ने हाफिज समेत चारों महिलाओं के खिलाफ भादंसं की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस द्वारा आपराधिक मामला दर्ज होते ही चारों महिलाएं फरार हो गई थीं। पुलिस पिछले दो साल से उनकी तलाश करते हुए कई जगहों पर तलाशी अभियान भी चला रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि ये चारों महिलाएं बांद्रा इलाके में रहने के लिए लौट आई हैं। इस सूचना के बाद पुलिस ने वहां सादी वर्दी में निगरानी की और चार जीनत मंसूरी, शाहीन शेख, रिजवाना खान और फौजिया अंसारी को गिरफ्तार कर लिया, ये सभी महिलाएं दो साल से पुलिस को चकमा दे रही थी।