
संविधान में हर व्यक्ति को अपनी बात कहने का मौलिक अधिकार- प्रकाश मुथा
मुथा कॉलेज में आजादी का 75 वां अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया गया
एसएन दुबे
कल्याण- हम आजादी का 75 वां अमृत महोत्सव मनाएं और पंडित ज्वाहरलाल नेहरुजी को याद ना करें तो यह अमृत महोत्सव अधूरा रह जाएगा। क्योंकि नहेरुजी की जो नीतियां थी उसी के आधार पर हमें डॉक्टर बाबासाहब आंबेडकर द्वारा एक अच्छा संविधान मिला। इसीलिए संविधान में हर व्यक्ति को अपनी बात कहने का मौलिक अधिकार मिला। यही संविधान का हकीकत प्रारूप है जिसके कारण एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री और एक रिक्शा वाला किसी भी राज्य का मुख्यमंत्री बन सकता है। इस तरह के विचार मुथा कॉलेज के चेयरमैन एवं प्रदेश कांग्रेस के सचिव प्रकाश मुथा ने व्यक्त की। शनिवार सुबह शेठ हीराचन्द मुथा कॉलेज में आजादी का 75 वां अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान समारोह में प्रमुख अतिथि के रूप में कल्याण के सहायक पुलिस आयुक्त उमेश माने पाटील, कॉलेज के चेयरमैन एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रकाश मुथा के अलावा खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी सर्जेराव पाटील, महात्मा फुले पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी अशोक होनमाने, युवा उद्योगपति एवं कॉलेज के ट्रस्टी मनीष मुथा, शिक्षणाधिकारी सरकटे, कॉलेज की प्राचार्या वैशाली गोखले, कांग्रेस ओबीसी सेल के जिलाध्यक्ष जयदीप सानप, इंटक के सेक्रेटरी कोणार्क देसाई, पूर्व नगरसेवक नवीन सिंह, बीसी राठोड एवं संगीता भोईर सहित तमाम लोग मौजूद थे। सर्वप्रथम एनसीसी के छात्रों ने ढोल-नगाड़े बजाकर अतिथियों का स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन एवं महापुरूषों को माल्यार्पण करने के बाद कार्यक्रम की शुरूआत हुई। आजादी के 75 वें अमृत महोत्सव पर उपस्थित अतिथियों ने अपने विचार प्रकट करते हुए बलिदान देने वाले महापुरूषों को याद किया। कॉलेज के चेयरमैन एवं महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रकाश मुथा तथा युवा उद्योगपति एवं कॉलेज के ट्रस्टी मनीष मुथा ने सहायक पुलिस आयुक्त उमेश माने पाटील सहित आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। कॉलेज की ओर से प्राचार्या वैशाली गोखले ने आभार व्यक्त किया।