
स्वतंत्रता दिवस पर 10 वीं के टॉपर विद्यार्थियों का सम्मान, थानेदार सहित संचालक मंडल ने दी तिरंगे को सलामी..
विद्यार्थियों में दिखा उत्साह..
एसएन दुबे
कल्याण- आंबिवली स्थित डीबीएस हिंदी हाई स्कूल में 75 वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर खड़गपाड़ा पुलिस स्टेशन के थानेदार अशोक पवार सहित स्कूल के संचालक मनोज सिंह, पूर्व नगरसेवक दुर्योधन पाटील, पूर्व नगरसेवक दशरथ तरे, समाजसेवी नवनाथ पाटील एवं शशीकांत पाटील सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित तमाम विद्यार्थी मौजूद थे। थानेदार अशोक पवार, पूर्व नगरसेवक दुर्योधन पाटील और स्कूल के संचालक मनोज सिंह ने झंडा वंदन कर तिरंगे को सलामी दी। झंडा वंदन के बाद प्रमुख अतिथियों के हाथों 10 वीं के टॉपर विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साह पूर्वक स्वतंत्रता दिवस मनाया और एक दूसरे को मिठाई खिलाई। विद्यालय की ओर से मनोज सिंह ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। झंडा वंदन के बाद प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित खड़गपाड़ा थाने के थानेदार अशोक पवार ने कहा कि यही बच्चे कल के भविष्य हैं। इन्हें हिफाजत के साथ सजो के रखना हम सभी का कर्तव्य है। स्कूल के संचालक मनोज सिंह ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए उनका आभार प्रकट किया।