
विधवा एवं तलाकशुदा महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठगने वाला मुसाफिर पहुंचा हवालात..
वधू सूचक केंद्र के माध्यम से उच्च शिक्षा का दिया था प्रलोभन….
विरार का बाबू कांदिवली से गिरफ्तार…
एसएन दुबे
कल्याण- उच्च शिक्षा के नाम पर विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को शादी का प्रलोभन देकर फंसाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर डोंबिवली पुलिस ने लाखो का जेवर और नकदी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम शैलेष बांबर्डेकर उर्फ प्रथम माने है और वह विरार का रहने वाला बताया जा रहा है। बताया जाता है कि वर-वधू सूचक केंद्र के माध्यम से शैलेष उर्फ प्रथम माने विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को भावनात्मक तरीके से अपने जाल में फंसता था, उसके बाद शादी का प्रलोभन देकर उनके घर से गहने लेकर चंपत हो जाता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार डोंबिवली के विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में 16 अप्रैल को एक पीड़ित महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर-वधू सूचक केंद्र के माध्यम से शैलेष उर्फ प्रथम माने नामक व्यक्ति उनका 10 तोले का आभूषण लेकर फरार हुआ है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय साबले, पुलिस निरीक्षक आर.खिलारे और क्राइम ब्राच के अधिकारी गणेश वडने की टीम ने जब जांच-पड़ताल शुरू की तो पता चला कि कई महिलाओं के साथ ऐसा धोखधड़ी हुआ है।डोंबिवली पुलिस ने जाल बिछाया और सूचना मिलने के बाद शैलेश को मुंबई के कांदिवली से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने लाखो रुपए मूल्य के 140 ग्राम के आभूषण भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इस तरह की घटना 3 अन्य और महिलाओं के साथ हुआ है जिसकी जांच की जा रही है।