
अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर केन्याई महिला से 5 करोड़ की कोकीन जब्त। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो महिला को हिरासत में लेकर जांच में जुटा
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – मुंबई सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट -एआईयू के अधिकारियों ने मुंबई अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगभग 490 ग्राम कोकीन जब्त की और कोकीन तस्करी के सिलसिले में एक केन्याई महिला नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त की गई कोकीन की बाजार में कुल कीमत पांच करोड़ रुपये है।
सीमा शुल्क विभाग के सूत्रों के अनुसार, वांबुई काने वंजिरू नामक केन्याई महिला को 28 सितंबर को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया था। वह इथियोपियाई एयरलाइंस द्वारा अदीस अबाबा से आई थी। उसके बैग की जांच की गई तो सफेद पाउडर मिला। जांच करने पर पता चला क़ी वह सफ़ेद पाउडर वास्तव में कोकीन है, जिसका वजन 490 ग्राम था। अफ्रीकी मूल के एक व्यक्ति द्वारा उसे मुंबई पहुंचाने के लिए एक पैकेट दिया था। लेकिन उस व्यक्ति के बारे में मुंबई में कोई जानकारी नहीं दी गई। वंजीरू ने पूछताछ के दौरान सीमा शुल्क अधिकारियों को बताया कि मुंबई में रहने वाला व्यक्ति उससे संपर्क करने वाला था।
इस काम के लिए वंजीरू को पैसे देने का वादा किया गया था। इस बात की जांच की जा रही है कि क्या वह पहले भी भारत आ चुकी है। उसे नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में नारकोटिक्स कंट्रोल एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। सीमा शुल्क अधिकारी आरोपी महिला के साथी और पुरे सिंडिकेट के बारे में पूछताछ कर जानकारी प्राप्त करने में जुटे हैं।