
शिवसेना के बाद भाजपा की कांग्रेस और राकांपा में बड़ी सेंधमारी
एकनाथ खड़से बैक टू पवेलियन, तो कांग्रेस विधयाक की भाजपा में होगी ताजपोशी
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – महाराष्ट्र की राजनीति में घमासान और बगावत का दौर अब भी जारी है। पहले भाजपा के इशारे पर एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे को चौंकाते हुए न ही उनसे मुख्यमंत्री की कुर्सी छीनी बल्कि शिवसेना पर भी अपना दावा ठोंकते हुए संगठन स्तर पर भी लगातार आक्रामक हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर अब भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र में कांग्रेस को कमजोर करने के लिए बिसात बिछा रही है। इतना ही नहीं, चर्चा यह भी है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता एकनाथ खडसे भी वापसी करते हुए फिर से भाजपा का दामन थाम सकते हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों एक नई चर्चा हो रही है। कहा जा रहा है कि जलगांव जिले से कांग्रेस विधायक शिरीष चौधरी कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने की तैयारी में हैं।
महाराष्ट्र में भाजपा नेताओं की जुबानी के जरिए इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि और भी कई कांग्रेसी नेता भाजपा संगठन के संपर्क में हैं। हालांकि, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले का दावा इसके बिल्कुल विपरीत है। उनका कहना है कि भाजपा के कुछ नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं। इन दावों के बीच महाराष्ट्र में तोड़ जोड़ की सियासत अपने चरम पर है।
कहा जा रहा है कि भाजपा ने कांग्रेस को झटका देने की पूरी रणनीति तैयार कर रखी है। जलगांव जिले के रावेर से कांग्रेस विधायक शिरीष चौधरी के भाजपा में शामिल होने के साथ इसकी शुरुआत होगी।
विधायक शिरीष चौधरी ने भी भाजपा में शामिल होने की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम कई वर्षों से कांग्रेस के विचारों के प्रति निष्ठा से काम कर रहे हैं, हालांकि पिछले कुछ दिनों से मुझे भाजपा के कई कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के फोन आ रहे हैं। लेकिन अभी ऐसी कोई स्थिति नहीं है कि मैं भाजपा में शामिल हो जाऊं।
साथ ही शिरीष चौधरी ने यह भी कहा कि यह महज अफवाह है, और यह अफवाह भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ शुभचिंतकों द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भ्रम पैदा करने के लिए फैलाई जा रही है। लेकिन पार्टी को धोखा देने का कोई कारण नहीं है। कोई वजह होती तो बात और होती। अगर मैं ऐसा कोई स्टैंड लेता हूं तो मैं उसे स्पष्ट कर दूंगा। ऐसे में अब भी अगर ऐसा कुछ होता है तो मैं सबके सामने इसकी घोषणा करूँगा। विधायक शिरीष चौधरी ने अफवाह फैलाने वालों से कहा है कि मैं ऐसा पदाधिकारी नहीं हूं जो इस तरह की चर्चाओं से अस्थिर हो जाऊं।