
झारखण्ड का इनामी नक्सली नालासोपारा से गिरफ्तार
31 आपराधिक मामलों में 11 हत्या के मामले दर्ज, मुंबई एटीएस ने किया गिरफ्तार। उपमुख्यमंत्री ने टीम को दी बधाई
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते ने प्रतिबंधित संगठन से जुड़े होने के संदेह में नालासोपारा से एक 45 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी केंद्र सरकार द्वारा प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओ) से जुड़ा है और उसके खिलाफ 31 मामले दर्ज हैं। आरोपित पर 15 लाख के इनाम भी रखा गया है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस साहसिक कदम के लिए महाराष्ट्र एटीएस टीम की पीठ थपथपायी है।
मीडिया से बात करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा की महाराष्ट्र एटीएस द्वारा बहुत अच्छी कार्रवाई की गई है। नक्सलियों का सरगना कौन था जिस पर 15 लाख रुपए का इनाम था। वह नालासोपारा में छिपा था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे झारखंड सरकार को सौंप दिया जाएगा। इससे नक्सली आंदोलन को बड़ा झटका लगेगा। मैं एटीएस को इस कार्रवाई के लिए बधाई देता हूं। यह कार्रवाई नक्सलियों के नेटवर्क का पर्दाफाश करेगी।
एटीएस ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रविवार को नालासोपारा पूर्व के धानीव बाग परिसर में स्थित श्री रामनगर में छापेमारी की। इस ऑपरेशन में कारू हुलाश यादव (45) को हिरासत में लिया गया है। वह झारखंड के हजारीबाग के डोडगा का मूल निवासी है, और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओ) की मंडल समिति का सदस्य है। वह 2004 से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय है और उसके खिलाफ 15 लाख के इनाम की घोषणा भी की गई थी। पता चला है कि आरोपी नालासोपारा अपना इलाज करवाने के लिया आया था। इसकी जानकारी झारखंड पुलिस को दे दी गई है और एटीएस आगे की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कुल 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमे हत्या के 11 मामले हैं। अन्य अपराधों में पुलिस पर हमला, हत्या के कई प्रयास, जबरन वसूली और अन्य अपराध शामिल हैं। अधिकारीयों ने बताया कि उसे जल्द ही झारखंड पुलिस को सौंप दिया जाएगा।