
मुंबई में मनसे नेता गिरफ्तार, महिला ने मनपा चुनाव में टिकट दिलाने के नाम पर लगाया बलात्कार करने का आरोप
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के एक पदाधिकारी को मुंबई पुलिस ने एक महिला से बलात्कार के मामले में गिरफ्तार कार लिया है। मनसे नेता का नाम वृशांत वडके बताया गया है। वडके पर मुंबई महानगर पालिका चुनाव में टिकट दिलाने का लालच देकर अलग-अलग जगहों पर रेप करने का आरोप लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मनसे नेता वृशांत वडके पर आगामी मुंबई महानगर पालिका चुनाव का टिकट दिलाने का लालच देकर रेप करने का आरोप लगाया गया है। इस आरोप के चलते मुंबई पुलिस ने वडके के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई की है। वडके पर रेप के साथ धमकी देने का भी आरोप है। एक महिला ने मुंबई पुलिस को अपनी शिकायत में कहा है कि मुंबई महानगर पालिका चुनाव का टिकट दिलाने की बात कहकर मेरा फायदा उठाया गया।
42 साल की पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि वडके ने उसके साथ कई बार रेप किया। वडके ने सितंबर 2021 से लेकर जुलाई 2022 के बीच विभिन्न जगहों पर शारीरिक संबंध बनाकर मेरे साथ धोखा किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि वृशांत वडके ने मुझे आगामी मनपा चुनाव में टिकट दिलाने का वादा करते हुए झूठा सपना दिखाया था और लगातार मेरा शारीरिक शोषण करते रहे।