
आरएसएस की जलती निक्कर वाली पोस्ट से, सियासत का ज्वालामुखी हुआ सक्रिय
भाजपा का कांग्रेस पर बड़ा आरोप, भारत जोड़ो यात्रा नहीं बल्कि आग लगाओ यात्रा कर रही है कांग्रेस
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के तमाम बड़े नेताओं के साथ देश भर में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही कांग्रेस ने एक ऐसा ट्वीट कर दिया जिस पर बड़ा सियासी बवाल खड़ा हो गया। कांग्रेस ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए पोस्ट में आरएसएस की निक्कर में आग लगी तस्वीर शेयर कर दी है। इस तस्वीर के जरिए कांग्रेस ने आरएसएस-भाजपा पर निशाना साधा है। इसके बाद भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को आग लगाओ यात्रा बता दिया है।
दरअसल, अपनी पोस्ट में कांग्रेस ने लिखा कि देश को नफरत के माहौल से मुक्त करने और देश में आरएसएस-भाजपा द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई को पूरा करने के लक्ष्य की दिशा में हम लगातार कदम बढ़ा रहे हैं। इसके बाद एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें आरएसएस की निक्कर में आग लगी हुई दिख रही है और उसमें से धुआं ने निकल रहा है।
जैसे ही यह तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई भाजपा भड़क गई। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यह तस्वीर भाजपा और आरएसएस को प्रतिनिधित्व करते हुए कांग्रेस ने ट्वीट किया और उसमें आग जलते हुए दिखाया गया है। कांग्रेस ने आम लोगों को भावना को भड़काने और उन्माद उकसाने के लिए यह ट्वीट किया है। इनकी भारत जोड़ो यात्रा, दरअसल आग लगाओ यात्रा है। यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने इस प्रकार की तस्वीर ट्वीट की हो।
इतना ही नहीं भाजपा के अन्य नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर कांग्रेस की इस पोस्ट के विरोध में मोर्चा संभाल लिया है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री और पूर्व कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने ट्वीट कर लिखा कि राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक और समझने योग्य हैं लेकिन राजनीतिक विरोधियों को जलाने के लिए क्या इस तरह की मानसिकता की आवश्यकता है? नकारात्मकता और नफरत की इस राजनीति की सभी को निंदा करनी चाहिए।
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बेंगलुरु से सांसद तेजस्वी सूर्या ने लिखा कि 1984 में कांग्रेस की आग ने दिल्ली को जला दिया। इसके बाद 2002 में गोधरा में 59 कारसेवकों को जिंदा जला दिया गया। उन्होंने फिर से हिंसा का आह्वान दिया है। कांग्रेस अब राजनीतिक दल नहीं रह गई है और राहुल गांधी सिर्फ भारत के खिलाफ लड़ रहे हैं।