
याकूब मेमन मामले को लेकर राज्य में विवाद गहराया। भाजपा के बाद शिवसेना ने तस्वीरें ट्विट कर लगाया आरोप
भाजपा के आरोपों के बाद पूर्व मेयर किशोरी पेडणेकर ने ट्विट की रऊफ मेमन के साथ फडणवीस और राज्यपाल की तस्वीरें
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – हाल ही में मुंबई के बड़ा कब्रिस्तान में दफन मुंबई बम धमाकों के आरोपी याकूब मेमन के कब्र की सजावट की तस्वीरें सामने आई थी। भाजपा ने आरोप लगाया था कि उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहते याकूब मेमन की कब्र को मजार बनाने की कोशिश की गई। इस पर शिवसेना की ओर से आदित्य ठाकरे के पलटवार करते हुए भाजपा से सवाल पूछा था कि याकूब मेमन के शव को ओसामा बिन लादेन की तरह समुद्र में दफन क्यों नहीं किया गया? अब भाजपा ने उद्धव गुट की नेता और पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर संग याकूब के रिश्तेदार रऊफ मेमन का एक वीडियो सामने आने पर हमला बोला है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि आतंकवादी के रिश्तेदार संग शिवसेना नेता चर्चा कर रही हैं।
महाराष्ट्र में याकूब मेमन की कब्र को मजार की शक्ल देने की कोशिश का मामला अब नया राजनीतिक मोड़ ले चुका है। उद्धव गुट की शिवसेना नेता किशोरी पेडनेकर के साथ याकूब मेमन के चचेरे भाई रऊफ मेमन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा हमलावर हुई तो उन्होंने भी पलटवार किया है। पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने रऊफ मेमन के साथ देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी की हैं।
जवाब में किशोरी पेडनेकर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर एक के बाद एक ट्वीट करते हुए भाजपा पर पलटवार किया है। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को रऊफ मेमन को सम्मानित करते तस्वीरें जारी की। इतना ही नहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ भी रऊफ मेमन की तस्वीर जारी की है।किशोरी पेडनेकर ने भाजपा से सवाल किया है कि आपके नेता आतंकवादी के रिश्तेदार के साथ क्या कर रहे हैं?
हालांकि किशोरी पेडणेकर के इस पोस्ट के जवाब में अभी भाजपा की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है। लेकिन इतना जरूर है कि याकूब मेमन की कब्र में सजावट को लेकर उठा विवाद अभी और सुर्खियों में रहने वाला है।
बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा था कि 1993 के मुंबई बम धमाकों का दोषी याकूब मेमन अपराधी था और उसका महिमामंडन नहीं किया जा सकता। हम ना इसे स्वीकार करेंगे और ना ऐसा होने देंगे। मैंने इसके संदर्भ में मुंबई महानगर पालिका और मुंबई पुलिस को निर्देश दिए हैं। गृहमंत्रालय कड़ी कार्रवाई करेगा। एक दिन पहले ही शिंदे ने कहा था कि कब्र का सुंदरीकरण करने की जांच शुरू कर दी गई है। उपमुख्यमंत्री कार्यालय ने मुंबई पुलिस से जल्द रिपोर्ट पेश करने को कहा है।