
राकांपा सांसद का भाजपा समेत राज्य सरकार पर हल्ला बोल
सुप्रिया सुले ने शिंदे – फडणवीस सरकार पर लगाया आरोप। पिछले ढाई महीने में जनता के हित में कोई फैसला नहीं लिया गया
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई : गणेशोत्सव पर्व के दौरान मुंबई के विभिन्न गणेश मंडलों में गणपति बाप्पा के दर्शन करने पहुंची राकांपा नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने राज्य की शिंदे – फडणवीस सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
सुप्रिया सुले ने कहा कि राज्य में अभी जो कुछ भी चल रहा है उसे देखकर लगता है कि यह केवल परेशान करने वाला समय है। ईडी के डर और दमन के कारण सत्ता हथियाने वालों ने पिछले ढाई महीने में अपनी सरकार के कार्यकाल में आम लोगों को राहत देने का एक भी फैसला नहीं लिया है।
उन्होंने आगे कहा कि यह कोई नई बात नहीं है कि सरकार के खिलाफ जाने वालों पर छापेमारी हो रही है। भाजपा के लोग कह रहे हैं कि अन्य दलों से भाजपा में शामिल होने वालों को रोका जा रहा है। महाराष्ट्र में ईडी ने डर और दमन दिखाकर सत्ता हथिया ली। लेकिन पिछले ढाई महीने में इस सरकार ने आम लोगों को राहत देने का एक भी फैसला नहीं लिया है।
बारामती लोकसभा सीट पर जीत की बात कर रही भाजपा पर सुप्रिया सुले ने विडंबनापूर्ण भाषा में टिप्पणी करते हुए कहा कि संविधान ने सभी को अपनी पार्टी का विस्तार करने का अधिकार दिया है, जिसके अनुसार मुझे नहीं लगता कि अगर कोई बारामती आता है तो इसमें कुछ गलत नहीं है। लोग आईएटी, आईआईएम में केवल इसलिए जाना चाहते हैं क्योंकि वे देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थान हैं। साथ ही हर कोई अच्छा चाहता है। बारामती निर्वाचन क्षेत्र को यहां के लोगों ने कड़ी मेहनत से विकसित किया है। इसमें कोई बुराई नहीं है अगर किसी ने इस क्षेत्र पर ध्यान दिया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने बारामती लोकसभा क्षेत्र के लिए प्यार दिखाया है उनका गर्मजोशी से स्वागत है।