
मुंबई में अमित शाह ने फूंका मनपा चुनाव अभियान का बिगुल
गठबंधन तोड़ने को लेकर शिवसेना पर जमकर साधा निशाना। शिवसेना की दुर्गति के लिए खुद उद्धव ठाकरे जिम्मेदार
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह ने मुंबई में आयोजित एक सभा में घोषणा की है कि मुंबई महानगर पालिका चुनाव के मद्देनजर भाजपा का लक्ष्य 150 सीटें जीतने का होगा। मुंबई के दौरे पर आए अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे पर जमकर निशाना साधा। उद्धव ठाकरे पर टिप्पणी करते हुए अमित शाह ने कहा कि 2014 में सिर्फ दो सीटों के लिए गठबंधन तोड़ा, नरेंद्र मोदी और देवेन्द्र फडणवीस के नाम पर वोट लेने के बाद हम पर धोखा देने का आरोप लगाया। यह कहते हुए कि अब उद्धव ठाकरे को जमीन दिखाने का समय आ गया है, अमित शाह ने देश के सबसे अमीर महानगर पालिका के चुनाव अभियान का बिगुल फूंक दिया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को दिए अपने संबोधन में अमित शाह ने उम्मीद जताई कि भाजपा का हर कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर उतरकर काम करे। साथ ही आगे बोलते हुए, अमित शाह ने सीधे उद्धव ठाकरे का जिक्र किया। शाह ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने 2014 में उनसे सिर्फ दो सीटों के लिए गठबंधन तोड़ा था। वे ख्याली पुलाव बना रहे थे। उन्हें लगा कि भाजपा गठबंधन नहीं तोड़ेगी। आपके बिना भाजपा का क्या होगा? उन्हें विश्वास था कि वे और सीटें जीतेंगे। शाह ने अपने भाषण में यह भी कहा कि यह गलत था।
अमित शाह ने अपने कार्यकर्ताओं को सीधा संदेश दिया कि राजनीति में कुछ भी बर्दाश्त कर लो, लेकिन कोई धोखा बर्दाश्त नहीं है। शाह ने यह भी कहा कि धमकी देने वालों को उचित सजा दी जानी चाहिए और इसके लिए कार्यकर्ता मैदान में आएं। अमित शाह ने अपने भाषण में यह भी कहा कि हम महाराष्ट्र में हिंदू विरोधी राजनीति को खत्म करना चाहते हैं। मोदी, फडणवीस के नाम पर वोट मांगकर आप जीते और भाजपा को धोखा दिया। शाह ने उद्धव ठाकरे को यह भी संदेश दिया है कि आज शिवसेना की को दुर्गति हुई है उसके लिए खुद उद्धव ठाकरे ही जिम्मेदार हैं।