
पुलिस को दांत से काटकर घायल करने के आरोपी की हुई गिरफ्तारी
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – समता नगर पुलिस ने कांदिवली पूर्व में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी का हाथ काटने के आरोप में 36 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली थी कि कांदिवली पूर्व के आकुर्ली रोड पर एक व्यक्ति घायल हो गया है, इसकी जानकारी स्थानीय समता नगर पुलिस थाने को दी गई। सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस की एक टीम ठाकुर विलेज में घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल व्यक्ति राम प्रकाश शोभनाथ तिवारी (36) को इलाज के लिए शताब्दी अस्पताल ले जाने का फैसला किया।
इलाज के लिए ले जाते समय तिवारी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसने अस्पताल ले जाने की कोशिश करने वाली पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर की। तिवारी ने पुलिस कांस्टेबल राजेंद्र नलावड़े के बाएं हाथ का अंगूठा भी काट लिया। नतीजतन, नलावडे का अंगूठा टूट गया। बावजूद इसके पुलिस ने तिवारी को अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज करवाया।
सूत्रों ने बताया कि तिवारी को पुलिस पर मारपीट का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, धमकी देने, मारपीट करने आदि धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी मोबाइल वैन नंबर 1 पर ड्यूटी कर रहा था।