
भाजपा विधायक द्वारा लगाए गए आरोपों से खुद सकते में भाजपा
अमित साटम ने 25 वर्षों में मनपा पर 3 लाख करोड़ के घोटाले का लगाया आरोप। 25 वर्षों से शिवसेना के साथ भाजपा ने भी साझा की है सत्ता
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई : भाजपा विधायक अमित साटम ने शिवसेना पर भ्रष्टाचार का अब तक का सबसे बड़ा और गंभीर आरोप लगाया है। महाराष्ट्र विधानसभा के चल रहे मानसून सत्र में विधायक अमित साटम ने पिछले 25 वर्षों में 3 लाख करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर मुंबई महानगर पालिका पर निशाना साधते हुए मामले की तत्काल जांच की मांग की है। इसके अलावा एरंगल बीच पर बने स्टूडियो को लेकर भी एक मुद्दा उठाया गया और उक्त स्टूडियो को ध्वस्त करने का अनुरोध किया है।
अमित साटम आज सदन में अनुच्छेद 293 के तहत मुंबई शहर पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मैं मुंबई महानगर पालिका में पिछले 25 वर्षों से उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश के माध्यम से वित्तीय कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार की जांच की मांग करता हूं। 3 लाख करोड़ का कोयला भ्रष्टाचार 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले से बड़ा भ्रष्टाचार है। आप महानगर पालिका प्रशासन से संबंधित किसी भी बात का नाम लें और भ्रष्टाचार सामने आ जाएगा, उदाहरण के तौर पर सड़कें, स्कूल, पार्क, चिड़ियाघर खरीदना, चिड़ियाघरों में पेंगुइन लाना। कोविड काल में भी 3000 करोड़ रुपये के घोटाले का पर्दाफाश हुआ था।
इस बीच अमित साटम ने एरंगल बीच पर बने अवैध स्टूडियो की ओर इशारा किया, जिन्होंने इस स्टूडियो को रजामंदी दी? यह सवाल भी उठा था। यह शूटिंग स्टूडियो सीआरजेड 1 और सीआरजेड 2 का उल्लंघन है। लेकिन 2019 में एमसीजेडएमओ ने कहा कि स्टूडियो के लिए बीएमसी ने अनुमति दी थी। लेकिन ये नियम सिर्फ गोवा में लागू होते हैं मुंबई में नहीं, यह इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि कैसे नियम कानून को ताक पर रखकर अवैध काम किया गया है। इस मौके पर अमित साटम ने यह भी कहा, की मुझे पता है कि एमसीजेडएमए के पुनरुद्धार के लिए 10 लाख वर्ग फुट पर 30 से अधिक स्टूडियो बनाने के लिए वास्तव में किस पर दबाव डाला गया है, इसलिए इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया जाना चाहिए।
इस बीच, भले ही अमित साटम ने मुंबई महानगर पालिका में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर सीधे तौर पर शिवसेना पर निशाना साधा हो, लेकिन भाजपा ने भी इसी महानगर पालिका में पिछले 25 वर्षों से शिवसेना के साथ इस महानगर पालिका की शक्ति साझा किया है। इसलिए यह संभावना जताई जा रही है कि भाजपा के विधायक अमित साटम के गंभीर आरोपों के चलते भाजपा को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।