
एक्शन में लौटे किरीट सोमैया, आदित्य ठाकरे और असलम शेख पर लगाया घोटाले का आरोप
मढ़ मार्वे स्थित सीआरझेड जमीन पर स्टूडियो बनाने में 1000 करोड़ के घपले का लगाया आरोप। शिंदे – फडणवीस सरकार से घोटाले कि जांच की मांग
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होते ही बीजेपी नेता किरीट सोमैया फिर से सक्रिय हो गए हैं। किरीट सोमैया ने गंभीर आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता और महाविकास अघाड़ी सरकार में मंत्री रहे असलम शेख ने 1000 करोड़ का घोटाला किया है। खैर, सोमैया सिर्फ आरोप लगाने तक ही सीमित नहीं रहे। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने सनसनीखेज आरोप लगाया कि असलम शेख ने मंत्री रहते हुए एक अनधिकृत स्टूडियो बनाने की अनुमति दी थी, जिसमें 1000 हजार करोड़ का भ्रष्टाचार किया गया है।
किरीट सोमैया ने आरोप लगाया है कि मुंबई के तत्कालीन संरक्षक मंत्री असलम शेख ने मढ़ मार्वे में एक अनधिकृत स्टूडियो बनाने की अनुमति दी थी। समझा जाता है कि सोमैया की चिट्ठी में आदित्य ठाकरे का भी नाम है। मड मार्वे में स्टूडियो के निर्माण को लेकर नागरिकों की ओर से सैकड़ों शिकायतें आई थीं। हालांकि सोमैया ने आरोप लगाया है कि तत्कालीन मवीआ सरकार ने स्टूडियो के निर्माण की अनुमति दे दी थी।
महा विकास अघाड़ी सरकार ने 11 फरवरी 2021 को मुंबई के मढ़ मार्वे में सीआरजेड भूमि पर 1000 हजार करोड़ रुपये के एक अनधिकृत स्टूडियो के निर्माण को मंजूरी दी थी। किरीट सोमैया ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर एवं ट्वीट कर कहा कि इस मामले में असलम शेख और आदित्य ठाकरे की जांच की जानी चाहिए। इस स्टूडियो के विरोध में स्थानीय नागरिकों ने तात्कालीन पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे और संरक्षण मंत्री असलम शेख से लिखित शिकायत भी की थी जिसके बाद आदित्य ठाकरे ने उक्त जगह का मुआयना भी किया था।
उधर, कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री असलम शेख ने 31 जुलाई को उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी, भाजपा नेता मोहित कम्बोज असलम शेख को सागर स्थित आवास पर ले गए था। इससे पहले किरीट सोमैया ने असलम शेख पर आरोप लगाए थे। उसके बाद असलम शेख ने फडणवीस से मुलाकात की और एक घंटे तक बंद कमरे में चर्चा भी हुई थी।