
भारी बारिश के अनुमान के चलते मुंबई और ठाणे अलर्ट पर
मुख्यमंत्री ने रत्नागिरी और चिपलून पर जमाई नजर, प्रशासन को जारी किया आदेश नागरिकों को अलर्ट रहने का संदेश
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – एकाएक मौसम के बदले मिजाज के चलते भारतीय मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों में मुंबई और ठाणे इलाकों में मूसलाधार बारिश और महाराष्ट्र में सामान्य बारिश होने का अनुमान जताया है। इस समय मराठवाड़ा, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है। अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति रहने की संभावना है। इसलिए किसानों और नौकरीपेशा लोगों से उचित सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में मध्य भारत के पश्चिमी तट पर सक्रिय मॉनसून की स्थिति रहने की संभावना है। पश्चिमी तट पर इस समय तेज हवाएं चल रही हैं। दूसरी ओर, उत्तरी ओडिशा और उससे सटे दक्षिण झारखंड में कम दबाव के क्षेत्र बन गए हैं। नतीजतन, अगले 5 दिनों में महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
इस समय कोंकण में भारी बारिश हो रही है। रत्नागिरी जिले के खेड़ तालुका में जगबुदी नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। इसलिए खतरनाक इलाकों को खाली कराने के आदेश जारी किए गए हैं। खालापुर, खोपोली और पेन इलाकों में भी बारिश जारी है। अगले चार से पांच दिनों में मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
इस बीच, मुंबई में इस समय लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ है। बारिश के कारण ट्रेन सेवा 20 मिनट देरी से चल रही है। बरसात ने तीनों रेलवे लाइनों को प्रभावित किया है। इस समय रायगढ़ जिले में भी भारी बारिश हो रही है और यहां सावित्री नदी का जलस्तर बढ़ गया है। चिपलून में भी जगह जगह जाल जमाव हो गया है इसके चलते प्रशासन नागरिकों से सावधान रहने की अपील कर रहा है।
रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में भारी बारिश के कारण कुछ नदियां खतरे के निशान तक पहुंच गई हैं और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। कुंडलिका नदी चेतावनी के स्तर को पार कर चुकी है और अंबा, सावित्री, पातालगंगा, उल्हास और गढ़ी नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से थोड़ा ही नीचे है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर और जल संसाधन विभाग को सतर्क रहने और उचित सावधानी बरतने के निर्देश दिए क्योंकि जगबुड़ी और काजली नदियों का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को चिपलून के हालात पर पैनी नजर रखने और नागरिकों को बार-बार निर्देश देकर आगाह करने के भी निर्देश दिए हैं।