
बरसात शुरू होते ही कुर्ला टर्मिनस के समीप रेलवे कॉलोनी की हालत बद से बदतर हुई
गंदगी, जलजमाव से परेशान साबले नगर की जनता
मुंबई। गुरुवार की सुबह से शुरू हुई बरसात के कारण कुर्ला पूर्व स्थित रेलवे कॉलोनी, साबले नगर, संतोषीमाता नगर और क्रांति नगर की जनता को लोकमान्य तिलक टर्मिनल या कुर्ला स्टेशन आने-जाने में भारी दिवकतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण टर्मिनस के आस पास की बस्तियों का जनजीवन नारकीय बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार करीब चार दशक से रेलवे कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारी व साबले नगर, संतोषीमाता नगर और क्रांति नगर की जनता बदहाल सड़क और गंदगी के कारण बेहद परेशान है। यही नहीं नालियों में अनेक प्रकार के जीव जंतुओं को सहज ही देखा जा सकता है। इस इलाके में सफाई के नाम पर नालियों का कचरा निकाल कर बाहर रखा गया है। इन नगरों में रहने वाले लोग बारिश के अलावा आम दिनों में भी परेशान ही रहते हैं। यहां शिवसेना की नगरसेविका प्रवीणा मोरजकर हैं। स्थानीय समाजसेवक मोंटू गुप्ता ने बताया कि हर साल बरसात में यहां जलजमाव हुआ करता है। इसके अलावा बढ़ती हुई गंदगी से बीमारियों का प्रकोप फैलने की आशंका है। बरसात शुरू हो गई है छोटे बच्चों को गंदे पानी में से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। वहीँ भाजपा उत्तर मध्य मुम्बई के जिला उपाध्यक्ष शुभ्रांशु दीक्षित ने कहा कि कुर्ला लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुम्बई के जाने माने रेल स्टेशनो में से एक है। क्योंकि यहाँ से प्रतिदिन उत्तर भारत, दक्षिण भारत और देश के अन्य राज्यों से सैकड़ों ट्रेनों का आवागमन होता है। किंतु बरसात के आते ही कुर्ला पूर्व स्थित रेलवे कॉलोनी, साबले नगर, संतोषीमाता नगर और क्रांति नगर की जनता का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। गुरुवार की बारिश के दौरान इन इलाकों से लोकमान्य तिलक टर्मीनल या कुर्ला स्टेशन आने के लिए पानी में चल कर आना- जाना पड़ रहा है।जिसके कारण शुभ्रांशु दीक्षित ने मध्य रेल और मनपा से टर्मिनस की खास्ताहाल सड़कों को बनाने की मांग की है।