
‘मंदिर हम खुलवाएंगे धर्म को न्याय दिलवाएंगे’ की नारों के साथ भाजपाइयों ने किया शंखनाद आंदोलन, राज्य सरकार को जगाने का प्रयास…
कल्याण-डोंबिवली के कई मंदिरों में हुआ घन्टानाद..
एसएन दुबे
कल्याण- ‘मंदिर हम खुलवाएंगे धर्म को न्याय दिलवाएंगे’ की नारों के साथ कल्याण और डोंबिवली में भाजपाइयों ने जमकर शंखनाद आंदोलन किया। कल्याण पश्चिम के लालचौकी में गणेश मंदिर पर कल्याण पश्चिम के पूर्व विधायक नरेंद्र पवार, कल्याण शहर अध्यक्ष प्रेमनाथ म्हात्रे और दिनेश तावडे की अगुवाई में घन्टानाद कर तीव्र आंदोलन किया गया। उसी तरह कल्याण पूर्व में मंडल अध्यक्ष संजय मोरे, पूर्व नगरसेवक अभिमन्यु गायकवाड, बीजेपी उत्तर भारतीय सेल के अध्यक्ष विजय उपाध्याय एवं पूर्व परिवहन सभापति सुभाष म्हस्के के नेतृत्व में शंखनाद कर भाजपाइयों ने आंदोलन की। वहीं डोंबिवली में पूर्व मंत्री रविन्द्र चव्हाण, भाजपा जिला अध्यक्ष शशीकांत कांबले की अध्यक्षता में गणेश मंदिर में आंदोलन किया गया। गौरतलब है कि कोरोना काल में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सरकार ने राज्य के सभी धार्मिक स्थलों को बंद कर रखा है। राज्य सरकार की तरफ से आम जनता को राहत देने के लिए चरणबद्ध तरीक़े से काम धंधे को चलाने के लिए अनुमति दी गई है। भाजपा की यह मांग है कि जिस तरह से होटल एवं बार सहित अन्य संस्थानों को नियमावली के तहत प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति दी गई है, उसी तरह मंदिरों को भी खोलने की अनुमति दी जाए। कल्याण-डोंबिवली के कई मंदिरों में शंखनाद और घंटा बजाकर सरकार को नींद से जगाने का प्रयास किया गया जिसमें भारी संख्या में भाजपाई मौजूद थे।